सरूरपुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव डाहर रजबहे की पटरी पर हुए जनपद बुढ़ाना के गांव जौला निवासी मुर्सलीन पुत्र मीरहसन के हत्या के मामले में फरार आरोपी फारुख को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया है।
अक्तूबर 2024 को आरोपी गांव जौला निवासी प्रॉपर्टी डीलर मुर्सलीन पुत्र मीरहसन जमीन का बैनामा कराने के नाम पर घर से कार में बैठाकर लाए थे। आरोपियों ने डाहर रजबहे की पटरी पर मुर्सलीन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी शव को पटरी पर फेंककर भाग गए थे। किसानों ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी शर्ट पर लगे सिलाई टेलर के स्टीकर की मदद से पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी थी। मृतक के परिजनों ने गांव निवासी फारुख समेत चार आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को जेल भेज चुकी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई महीनों से दबिश दे रही थी। सोमवार देर रात आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया है। इसके बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया है।