परमजीत का फाइल फोटो, विलाप करती मां व पत्नी
- फोटो : अमर उजाला
Meerut Murder News: मेरठ के हस्तिनापुर में प्रधान चुनाव की रंजिश और सवा साल पहले हुए तीरथ हत्याकांड का बदला लेने के लिए बुधवार शाम गांव लतीफपुर में परमजीत सिंह उर्फ गुल्ला (35) की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। हमले में गुल्ला के साथी गुरुमुख सिंह भी दो गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव लतीफपुर गांव के बाहर बुधवार शाम करीब पांच बजे बामनौली मार्ग पर देसी शराब के ठेके के समीप परमजीत उर्फ गुल्ला अपने साथी गुरुमुख के साथ दुकान पर बैठकर पकौड़े खा रहा था। तभी घात लगाए बैठे कुछ हमलावर बाइक पर सवार होकर पैदल मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने परमजीत और गुरुमुख पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। परमजीत के सिर और गर्दन पर तीन गोलियां लगीं।
गुरुमुख को एक गोली छूते हुए निकल गई और दूसरी उसकी पीठ में धंस गई। हस्तिनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को परिजनों की मदद से मवाना के निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परमजीत उर्फ गुल्ला को मृत घोषित कर दिया। गुरुमुख को मेरठ रेफर कर दिया। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि सात आरोपियों के खिलाफ तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।