मौके पर घटना की जानकारी लेते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में बिजनौर के गांव मिठनपुर और चमरौला के बीच स्थित देव स्थल के पुजारी की हत्या कर दी गई। धारदार हथियार से हमला करने के बाद उसके सिर पर भी किसी भारी वस्तु से वार किया गया। वहीं लाश देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
चांदपुर में क्षेत्र के गांव चमरौला के बाहर जंगल में गांव का देव स्थल बना है। इस पर गांव सैंदवार निवासी 65 वर्षीय पुजारी मुन्नालाल करीब एक साल से रहते थे। ग्रामीणों ने बताया कि पुजारी का पिछले कई सालों से देव स्थल पर आना जाना था। देव स्थल पर रहने का कोई स्थान नहीं होने से वह वहां रुकते नहीं थे। एक साल पहले गांव के लोगों के सहयोग से देव स्थल पर रहने का स्थान बनने के बाद से पुजारी वहां रुकने लगे थे। गांव के शिव मंदिर पर रामायण का पाठ चल रहा था, सोमवार को पाठ का समापन हुआ था। प्रसाद वितरण में दोने कम पड़ जाने पर देव स्थल पर लोग पुजारी के पास दोने लेने पहुंचे तो पुजारी का खून से लथपथ शव पड़ा मिला।