यूपी के मुजफ्फरनगर में दलित युवक की हत्या किए जाने की सूचना पर एसपी देहात फोरेंसिक विभाग की टीम और डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों के नमूने लिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो परिवार वाले विरोध करने लगे। परिवार की महिलाएं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हंगामा करने लगी। एसपी देहात ने घटना के शीघ्र खुलासे का आश्वासन देकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया।
मोहल्ला चमारान निवासी कपिल शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उस समय लापता हुआ था, जब वह कस्बे की नई तहसील के पास ठेले पर केले बेच रहा था। इसी दौरान उसे कोई बुलाकर ले गया। वह वापस नहीं आया तो उसके परिवार वाले ठेली को अपने साथ घर ले गए और शुक्रवार को देर रात के समय पुलिस को दी गई। कस्बे और आसपास के खेतों में परिवार वालों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही सीओ हरिराम यादव, उपजिलाधिकारी कुमार भूपेंद्र और इंस्पेक्टर प्रभाकर केन्तुरा व जयभगवान यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस के साथ काफी विचार विमर्श किया। मृतक के परिवार की महिलाओं ने कोतवाली में जाकर जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने केस का खुलासा कर हत्याभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग की।