लिसाड़ी गेट क्षेत्र में गाजियाबाद के युवक की हत्या
मेरठ। लिसाड़ी गेट में रिश्तेदार के यहां आए गाजियाबाद के लोनी निवासी एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है। मामले में तहरीर नही दी गई है। पुलिस की ओर से की गई प्रारंभिक जांच में अवैध संबंधों में हत्या का शक जताया जा रहा है। उसका मानना है कि हत्यारोपी करीबी हो सकता है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
गाजियाबाद के लोनी स्थित कमेला रोड निवासी शाहरुख (24) पुत्र शहजाद तीन दिन पहले तारापुरी आरा मशीन वाली गली में बहन शाइस्ता पत्नी आबिद से मिलने आया था। शनिवार को शाहरुख लिसाड़ी गेट की शाहजहां कॉलोनी गली नंबर 9 निवासी मौसी कौसर पत्नी नसीम आ गया था। शाहरुख के मौसेरे भाई सुहेल ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे शाहरुख घर के बाहर कैरम खेलने गया था। देर रात तक वह घर पर नहीं लौटा।
सुहेल ने बताया कि उसके परिवार वालों ने सोचा कि शाहरुख बहन शाइस्ता के यहां सोने चला गया होगा। रविवार सुबह 11 बजे कौसर के घर से 500 मीटर दूर खाली पड़े प्लाट में खोदे गए सीवर में बच्चों ने उन्होंने शव देखा। आसपास के लोगों ने उसकी पहचान शाहरुख के रूप में करने के बाद सूचना कौसर और उसके बेटों को दी। मौसेरे भाइयों के पहुंचने पर शव सीवर से निकाला गया। सूचना पर शाहरुख के परिवार के लोग भी मेरठ पहुंच गए हैं।
बताया गया कि शाहरुख को पहले पीटा गया और फिर पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर ईंटें मारकर उसे कुचल दिया गया। उसके सिर पर भी ईंटों से कई वार किए गए। मौके पर पहुंचे सीओ कोतवाली और इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट ने जानकारी के बाद शाहरुख की हत्या अवैध संबंधों में होने का अंदेशा जताया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने बताया कि शाहरुख का मौसेरा भाई सुहेल भी घर से उसके साथ गया था। उससे भी पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।