क्षेत्र के गांव सोना में छेड़छाड़ का विरोध करने पर बारहवीं की छात्रा की जहर देकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके से जहर की शीशी कब्जे में ली है। छात्रा के पिता ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ हत्या की धारा में नामजद तहरीर दी है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है।
पुलिस के अनुसार तहरीर में आरोप लगाते हुए बताया गया कि ग्राम सोना निवासी 17 वर्षीय किशोरी से गांव के दो युवक स्कूल आते-जाते समय छेड़छाड़ करते थे। छात्रा ने इसका विरोध करते हुए अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी थी। गांव के गण्यमान्य लोगों ने आरोपी दोनों युवकों को हिदायत देते हुए समझौता करा दिया था।
रविवार को छात्रा के माता-पिता और बड़ी बहन पशुओं के लिए चारा लेने गए थे। जबकि भाई शहर गया हुआ था। छात्रा घर पर अकेली थी। आरोप है कि दोनों युवकों ने घर में घुसकर छात्रा को जबरन जहरीला पदार्थ दे दिया। इस बीच छात्रा की मां घर लौटी तो यह देखकर उसके द्वारा शोर मचाने पर आरोपी युवकों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया। बाद में धमकी देते हुए फरार हो गए। छात्रा को बेहोशी की हालत में सीएचसी परीक्षितगढ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
छात्रा की हत्या की सूचना पर थानाध्यक्ष ओपी सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर से जहरीले पदार्थ की शीशी और घटनास्थल से एक आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लिया। हालांकि पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताना शुरू कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर हत्या की मिली है। लेकिन मामला संदिग्ध लग रहा है। घटना की गहनता से जांच कर जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
दबंगई के आगे नहीं बोलता था कोई
छात्रा की बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि आरोपी दोनों युवक सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। चार माह से दोनों गांव आए हुए हैं। दोनों युवक उसकी बहन से स्कूल आते-जाते छेड़छाड़ करते थे। जिस कारण उसकी बहन स्कूल जाने से मना करती रहती थी। लेकिन दोनों आरोपी युवक काफी पैसा होने के चलते खुलेआम छेड़छाड़ और मारपीट करते थे। गांव में दोनों युवक दबंग होने के कारण गांव के लोग कुछ कहने से डरते थे।
आत्महत्या का संदेह
पुलिस के अनुसार मृत छात्रा के साथ जहरीला पदार्थ पिलाते हुए मारपीट व जबरदस्ती नहीं की गई है। जहां छात्रा के कपड़े सुरक्षित मिले वहीं, शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। घटनास्थल पर ऐसे प्रमाण नहीं मिले जिससे लगे कि जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिलाया गया हो। जो आत्महत्या का शक पैदा कर रहा है।