ब्रह्मपुरी थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक लक्ष्मणपुरी गली नंबर चार में रहने वाला पवन पुत्र राजकुमार 14 जुलाई की सुबह साढ़े सात बजे दुकान पर राशन लेने जा रहा था। रास्ते में पीपल वाली गली में उसको कालू पुत्र श्याम और बेटों फंटू और चीनू ने घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर बुरी तरह से पिटाई की। शोर मचाने पर लोग एकत्र हुए तो आरोपी भाग गए। पिटाई से पवन की रीढ़ की हड्डी टूट गई। पवन को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह पवन की मौत हो गई। पवन की मौत के बाद पत्नी ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में ब्रह्मपुरी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
पुलिस पर आरोपियों का पक्ष लेने का आरोप
ज्योति का कहना था थाने में नामजद तहरीर दी लेकिन आरोपियों से मिलीभगत के कारण पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जाम लगाकर लोगों ने पत्नी को सरकारी नौकरी, 50 लाख रुपये आर्थिक मुआवजा और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।