मेरठ। हत्या के मामले में वांछित हत्यारोपी को पीड़ित पक्ष ने ही पकड़कर रविवार को पुलिस के हवाले किया। हालांकि पुलिस दो माह में भी उसे पकड़ नहीं पाई थी। फिलहाल पुलिस मामले में कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के नूरनगर में 16 नवंबर को प्रवीन पुत्र देवेंद्र की महज 10 रुपये के विवाद में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने बंटी, गौरव, रजनीश और दीपक को नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने शुरू से ही लापरवाही की। मृतक के परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। अब तक मुख्य आरोपी बंटी, गौरव के अलावा उसकी मां गीता और चाचा जोगेंदर जेल जा चुके हैं। रजनीश और दीपक फरार थे। रविवार को रजनीश की गाड़ी बिजली बंबा पर देखकर मृतक प्रवीन के परिजन हैरान रह गए। उन्होंने गाड़ी का पीछा कर उसे रुकवा लिया। कार में सवार रजनीश ने भागने का प्रयास किया तो परिजन उसे दबोचकर थाने ले आए। प्रवीन के चाचा नितिन ने बताया कि वह चश्मदीद गवाह हैं। हत्या के वक्त गौरव, रजनीश और दीपक ने भतीजे के हाथ पकड़े थे। इसके बावजूद ब्रह्मपुरी पुलिस का रवैया आरोपियों के प्रति नरम है। उधर, ब्रह्मपुरी पुलिस रजनीश की गिरफ्तार पर चुप्पी साधे है।