सरधना। नगर पालिका द्वारा बृहस्पतिवार को कस्बे में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान पालिका टीम ने सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कई लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही।
पालिका की यह कार्रवाई संत चार्ल्स इंटर कॉलेज के सामने धर्मपुरा मोहल्ले से शुरू हुई। सड़क पर बने छज्जे, फड़, सीढियां और नालियों पर किए गए निर्माण को तोड़ा गया। कई स्थानों पर लोगों ने पालिका पर पक्षपात के आरोप भी लगाए। उनका कहना था कि केवल चिह्नित दुकानों और ठेलियों पर ही कार्रवाई की गई, जबकि अन्य अतिक्रमण को नजरअंदाज किया गया। हालांकि, नजूल बाबू मनोज कुमार ने स्पष्ट किया कि पालिका की कार्रवाई पूर्णतः निष्पक्ष रही। उन्होंने कहा कि जिन अतिक्रमण के कारण नाले-नालियों की सफाई बाधित हो रही थी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाया गया है। पालिका टीम ने अभियान के दौरान सड़कों और नालियों पर रखे सामान को भी जब्त कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अफरा-तफरी और हलचल का माहौल रहा।