भाजपा में महापौर प्रत्याशी पर आज क्षेत्रीय पदाधिकारी करेंगे मंथन
भाजपा में मेरठ और गाजियाबाद के महापौर पद के प्रत्याशी को लेकर क्षेत्रीय पदाधिकारी बुधवार को मंथन करेंगे। मंगलवार को बागपत और हापुड़ की नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदाें के प्रत्याशियों को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया ने पदाधिकारियों के साथ घंटों चर्चा की।
भाजपा में दूसरे चरण के निकाय चुनाव को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया रोजाना पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में सारे नाम लखनऊ जा चुके हैं लेकिन अब क्षेत्रीय अध्यक्ष अपनी कमेटी के पदाधिकारियों के साथ नामों पर चर्चा कर रहे हैं।
मंगलवार को कई घंटे तक बागपत और हापुड़ जनपद की नगर पालिका-नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के प्रत्याशियों के नामों पर सारे पदाधिकारियों के साथ मंथन हुआ। सारे नामों की लिस्ट बनाकर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को भेज दी गई है।
बुधवार को मेरठ और गाजियाबाद के महापौर प्रत्याशियों के नामों पर क्षेत्रीय अध्यक्ष और पदाधिकारी सभी 54 नामों पर विचार करके अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को देंगे। 21 मार्च को भाजपा मेयर, नगर पालिका, नगर पंचायत के अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर देगी।
मनोज पोसवाल ने जताई हाईकमान के सामने दावेदारी
भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज पोसवाल ने लखनऊ में हाईकमान से मेयर पद के लिए मजबूत दावेदारी जताई है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के 28 साल से कार्यकर्ता हैं। वे गुर्जर समाज से हैं और उनकी पत्नी ममता पंजाबी समाज से हैं। ऐसे में उनकी तीनों कोटे से दावेदारी बनती है।
भाजपा के दावेदार खरीदने लगे नामांकन पत्र
भाजपा में मेयर पद के लिए 54 लोगों ने आवेदन किए हैं। आवेदकों ने नामांकन पत्र खरीदने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को विनय प्रधान ने नामांकन पत्र खरीदा है।