नगर निगम ने खोला बाढ़ नियंत्रण कक्ष, 24 घंटे करेगा काम
मेरठ। नगर निगम ने मानसून और संक्रामक रोगों को देखते हुए प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी कंट्रोल रूम की स्थापना की है। कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा। शिकायतों के निस्तारण के लिए चार नोडल अधिकारी और प्रत्येक नोडल अधिकारी के साथ तीन-तीन सह नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का निस्तारण करेंगे। अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन ने बताया कि 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम पर तीन लिपिक, तीन कंप्यूटर आपरेटर और तीन अनुचरों की तैनाती की गई है जो आठ-आठ घंटे की तीन पालियों में काम करेंगे। संक्रामक रोग और जलभराव की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 18001803090 और 18001805090 के अलावा व्हाट्सएप नंबर 8395881001 जारी किए गए हैं। शिकायतों के निस्तारण के लिए सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण यशवंत कुमार और जीएम जलकल कुमार गौरव को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इनके साथ अरुण खरखौदिया, गजेंद्र सिंह, विनोद कुमार, अशोक कुमार, दुष्यंत कुमार, पंकज कुमार, मदन पाल, प्रदीप श्रीवास्तव, पदम सिंह, राजेश चौहान, अमित बंसल और नवीन रस्तोगी को सह नोडल अधिकारी बनाया गया है। ब्यूरो