हाईकोर्ट में नगरायुक्त और एमडीए वीसी ने रखा पक्ष
मेरठ। मल्टीलेवल कार पार्किंग के मामले पर सोमवार को हाईकोर्ट में नगरायुक्त और एमडीए वीसी ने पक्ष रखा। अधिकारियों ने जवाब में कहा कि अधिकारियों की एक कमेटी गठित की गई है। महानगर में मल्टीलेवल कार पार्किंग पर नगर निगम, एमडीए अभी निर्णय नहीं ले पाया है। नगर निगम परिसर, टाउन हॉल सहित कई स्थानों पर पार्किंग का प्रस्ताव आ चुका है। इतना ही नहीं पांच साल में दो बार टाउन हॉल परिसर और एक बार नगर निगम परिसर में मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाए जाने की डीपीआर तैयार की गई। सरकारी खजाने से डीपीआर पर लगातार खजाना खर्च किया जा रहा है लेकिन धरातल पर अभी वाहन पार्किंग नहीं उतरी है। यह मामला अब हाईकोर्ट पहुंच गया है। जिसमें न्यायालय ने सोमवार को नगरायुक्त मनीष बंसल, एमडीए वीसी को अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया। नगर निगम प्रशासन की माने तो न्यायालय में पक्ष रख दिया गया है। महानगर में मल्टीलेवल कार पार्किंग निर्माण का प्रयास चल रहा है। ब्यूरो