संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। देहरादून में 4 से 10 अक्तूबर तक होने जा रहीं 50वीं सब जूनियर बास्केटबाल नेशनल चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश बास्केटबाल एसोसिएशन ने खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। इसमें मेरठ के एमपीएस और आईपीएस स्कूल के खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
मेरठ पब्लिक स्कूल के तीन बालक और मेरठ पब्लिक स्कूल फॉर गर्ल्स मेरठ कैंट की एक बालिका का चयन हुआ है। वहीं, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के एक बालक और एक बालिका का चयन हुआ। बालक वर्ग में मेरठ पब्लिक स्कूल से कौशल, वतन पवार, आरूश का चयन हुआ। इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल से समीर सिंह का चयन किया गया।
बालिका वर्ग में मेरठ पब्लिक स्कूल फॉर गर्ल्स एंजेल मलिक और इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल से कीर्ति रावत और सोफिया गर्ल्स स्कूल की बालिका अनन्या सक्सेना का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। पूर्व अंतरराष्ट्रीय कोच अमरजीत सिंह को उत्तर प्रदेश की बालिका टीम की जिम्मेदारी दी गई है और मिर्जा उमर को उत्तर प्रदेश की बालक टीम की जिम्मेदारी दी गई है। इस मौके पर जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ जैन, सचिव मिर्जा शहबाज बेग, एमपीएस के डायरेक्टर विक्रम शास्त्री, सोफिया स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर मीना आदि ने बधाई दी।