रोहटा। हिंडन नदी में डूबे किसान की तलाश के दौरान मौके पर पहुंचकर रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगव
रोहटा। गांव किनौनी निवासी सुखवीर सिंह पुत्र सरोज की हिंडन नदी में डूबने की दुखद घटना के बाद अब तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा है। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और बेचैनी का माहौल है। सुखवीर सिंह बीते दिन हिंडन नदी के पास अपने पशुओं को चराने गए थे। नदी पार करते समय गहरे पानी में फिसलकर डूब गए थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान और रालोद नेता सुनील रोहटा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और घटनाक्रम की जानकारी ली। डॉ. सांगवान ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से वार्ता कर तलाशी अभियान को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवक की शीघ्र बरामदगी के लिए प्रशासन सभी जरूरी संसाधनों का इस्तेमाल करे और अभियान में कोई कोताही न बरती जाए।
प्रशासन की ओर से पीएसी गोताखोरों की टीम के साथ-साथ स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है। सुनील रोहटा ने मौके पर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। इस मौके पर कालू किनौनी, सुबोध भदौड़ा, देवेंद्र किनौनी, हरेंद्र प्रधान, कुशलवीर राठी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।