सांसद अरुण गोविल ने शिविरों में पहुंच कर कांवड़ियों की मरहम पट्टी की। स्रोत : स्वयं।
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सांसद अरुण गोविल ने रविवार को विभिन्न कांवड़ शिविरों में पहुंचकर कांवड़ियों से मुलाकात की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सांसद ने कंकरखेड़ा स्थित कांवड़ शिविर में पहुंचकर कांवड़ यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने देखा कि कई कांवड़ यात्री लंबी दूरी पैदल तय करने के कारण थकान और पैरों में छालों की पीड़ा से परेशान थे। सांसद ने स्वयं कांवड़ियों के पैरों में दवा लगाई और छालों पर पट्टी बांधी। सांसद को अपने बीच इस तरह सेवा करते देख कांवड़ यात्री भावुक और प्रसन्न नजर आए। अरुण गोविल ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या, त्याग और सेवा की यात्रा है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समाज और प्रशासन द्वारा मिलकर बेहतर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।