नागल(सहारनपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग 344 के बाईपास पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार मां और बेटे की जान चली गई। उधर, रामपुर मनिहारान क्षेत्र में बस की टक्कर से बाइक सवार दंपती और उनका बच्चा घायल हो गया।
लाखनौर फ्लाईओवर के पास दोपहर करीब डेढ़ बजे नानौता क्षेत्र के गांव याहियापुर निवासी अरुण कुमार (26) पुत्र नरेश अपनी मां विद्या (50) को लेकर बाइक से गागलहेड़ी की ओर जा रहा था। गांव लखनौर स्थित फ्लाईओवर से करीब 100 मीटर दूर उसकी बाइक आगे चल रहे बालू से लदे ट्रक की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार मां बेटा बाइक सहित करीब 50 मीटर तक ट्रक के साथ घिसटते चले गए। लोगों के शोर मचाने पर चालक ने ट्रक रोका। पुलिस और आसपास के लोगों ने शवों को ट्रक के नीचे से निकाला। युवक के मोबाइल फोन से दोनों की पहचान हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई होगी।
बस की टक्कर से दंपती और बेटा गंभीर
रामपुर मनिहारान। कस्बे में रेलवे फाटक के पास बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार गांव लढ़ोरा निवासी शाह आलम, उसकी पत्नी नसरीन, दस वर्षीय बेटा गंभीर घायल हो गए। वह अपनी ससुराल बिसाहेड़ा थाना नकुड़ जा रहे थे। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई होगी। संवाद