संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के तहत 14 जिलों में स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत अब तक 11.32 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से 9.11 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर को प्रीपेड मोड में बदला जा चुका है। आरडीएसएस योजना के तहत मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर सहित 14 जिलों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इन स्मार्ट मीटरों के लगने से उपभोक्ताओं की बिजली की खपत संबंधी शिकायतों का समाधान होता है।
पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता के निर्देश पर स्मार्ट मीटरों की विश्वसनीयता जांचने के लिए चेक मीटर भी लगाए जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं की गलत बिल आने की शिकायतों का भी निस्तारण होगा। इन जिलों में अब तक 48,434 चेक मीटर लगाए गए हैं।
प्रीपेड मोड में परिवर्तित किए गए कुछ उपभोक्ताओं द्वारा समय पर रिचार्ज न करने के कारण उनके 'प्रीपेड अकाउंट बैलेंस' निगेटिव हो रहे हैं। उपभोक्ताओं से प्रीपेड स्मार्ट मीटर को रिचार्ज कराने की अपील की जा रही है, जिससे कनेक्शन न कटे। उपभोक्ता अपने प्रीपेड स्मार्ट मीटर को यूपीपीसीएल स्मार्ट एप या अन्य यूपीआई माध्यमों से रिचार्ज कर सकते हैं। इस एप के माध्यम से उपभोक्ताओं को मासिक, दैनिक और प्रति घंटे की खपत की जानकारी भी प्राप्त होगी।