मवाना। दयानंद बाजार में बिजली के तारों पर झूलते बंदर की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। बंदर की मौत के बाद मौके पर काफी संख्या में बंदर एकत्र हो गए और लोगों का आवागमन बंद कर दिया। सूचना पर बजरंग दल कार्यकर्ता काफी संख्या में एकत्र होकर मौके पर पहुंचे और किसी प्रकार बंदर के शव को वहां से हटाकर अंतिम संस्कार किया।
दुर्गा मंदिर दयानंद बाजार के पास बिजली के तार से करंट लगने के कारण एक बंदर की मौत हो गई। बंदर की मौत से साथी बंदर गुस्साए हुए थे। उन्होंने वहां से गुजर रहे लोगों का आवागमन बंद कर दिया। जानकारी होने पर राष्ट्रीय बजरंग दल के नगर मंत्री सौरभ दुबलिश कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे। किसी प्रकार कार्यकर्ता बंदर के शव को वहां से हटाने में कामयाब हुए। शव को गोशाला के पीछे ले जाकर को अंतिम संस्कार कर दिया।
राष्ट्रीय बजरंग दल के नगर अध्यक्ष अंकुर रस्तोगी उर्फ गुड्डू ने बताया कि बंदर का अंतिम संस्कार करना हमारा मानवीय कर्तव्य है और वन्य पशुओं के प्रति प्रेम व धार्मिक आस्था का परिचय है। इस कार्य में नगर महामंत्री अपूर्व रस्तोगी, नगर मंत्री सौरभ दुबलिश, नगर संयोजक मोनू सिंह, नगर सुरक्षा प्रमुख भोला, दक्ष, वंश सैनी, अमन प्रजापति आदि कार्यकर्ता रहे।