सदर में स्कूल से लौट रही छात्राओं से छेड़छाड़
मेरठ। सदर बाजार क्षेत्र में मंगलवार दोपहर स्कूल से लौट रही छात्राओं से छेड़छाड़ के बाद बखेड़ा हो गया। गुस्साए लोगों ने एक आरोपी को दबोचकर धुन दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस भीड़ से आरोपी को छुड़ाकर थाने ले गई।
सदर बाजार क्षेत्रांतर्गत स्थित एक गर्ल्स इंटर कॉलेज की दो छात्राएं मंगलवार दोपहर छुट्टी होने के बाद घर जा रही थीं। पुलिस स्ट्रीट पर स्कूटी सवार तीन शोहदों ने छात्रा पर टिप्पणी कर दी। अचानक एक शोहदे ने छात्रा का हाथ पकड़कर रोक लिया। जैसे ही छात्रा ने विरोध जताया, आसपास खड़े लोग उस ओर दौड़ पड़े। भीड़ को आता देख दो आरोपी स्कूटी से भाग निकले। जबकि उनके तीसरे साथी को लोगों ने दबोच लिया। भीड़ ने शोहदे को जमकर सबक सिखाया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस स्ट्रीट व्यापार एसोसिएशन के महामंत्री अनुज एरन ने बताया कि उनकी दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हुई है। तीनों आरोपी काफी पीछे से छात्राओं से छेड़छाड़ करते आ रहे थे। सीओ कैंट उमेश नाथ मिश्रा ने बताया कि आरोपी पुलिस की हिरासत में है। फिलहाल किसी ने भी पुलिस को तहरीर नहीं दी है। दोनों फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।