सरूरपुर। थाना क्षेत्र में कॉलेज जाते समय अकेला पाकर आरोपी ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने छात्रा को कार में खींचने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया। परिजनों के साथ थाने पहुंची पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा शनिवार को कॉलेज जा रही थी। गांव के बाहरी छोर पर आरोपी ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि आरोपी ने छात्रा को कार में खींचकर अगवा करने का प्रयास भी किया। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा के साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आते देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घर पहुंचकर पीड़िता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों के साथ थाने पहुंची पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर छात्रा का मेडिकल कराया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।