मेरठ। मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल से गेझा की ओर से जाने वाला मार्ग दो मीटर चौड़ा होगा। अब उसकी चौड़ाई 5 मीटर के बजाए 7 मीटर हो जाएगी। क्षेत्र के रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने इस मांग को मुख्यमंत्री के सामने रखा था, जिसके बाद चौड़ीकरण का प्रस्ताव पास हुआ। उन्होंने इसे लेकर सीएम का धन्यवाद जताया है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों समेत 50 से अधिक आबादी को राहत पहुंचेगी।
रालोद किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री मोनू ढिंढाला ने क्षेत्र की इस समस्या को रालोद सांसद के सामने रखा था। उन्होंने कहा कि मार्ग की चौड़ाई कम होने के कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे थे। बड़े वाहन भी इस मार्ग से नहीं निकल पा रहे थे। इसके बाद रालोद सांसद ने इस समस्या को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने रखकर मार्ग के चौड़ीकरण करने की मांग की थी।
इसके बाद अब यह प्रस्ताव पास हो गया है। इस मार्ग के चौड़ीकरण के होने से मोहिउद्दीनपुर, इकला, डिमोली, छज्जूपुर, अंजोली, कलंजरी, काजमाबाद गूण, ढिंढाला, शिवपुरा, सिवालखास आदि गांव के लोगों को राहत मिलेगी। वहीं, रालोद सांसद राजकुमार सांगवान ने सभी विकास कार्यों को कराए जाने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उनका धन्यवाद जताया।