बिजनौर। बसपा शासनकाल में विधायक रहते हुए मोहम्मद गाजी ने कानून की परवाह नहीं की, नियमों से खेलना उसकी आदत में शुमार था। अब कानून के शिकंजे में फंसे गाजी की मुश्किलें और बढ़ना तय है।
पूर्व विधायक शाहनवाज राणा को जेल में सिम पहुंचाने के मामले में फंसे पूर्व विधायक मोहम्मद गाजी को मुजफ्फरनगर पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अब वह जेल में है। मोहम्मद गाजी ने अपने नौकर के बेटे के नाम पर धोखाधड़ी से सिम हासिल किया था, जिसे जेल तक पहुंचाया। बता दें कि अफजलगढ़ विधानसभा सीट से विधायक रहे मोहम्मद गाजी पर बिजनौर के अलग-अलग थानों में 20 मुकदमे दर्ज हैं। अकेले शेरकोट थाने में ही चार केस हैं। सबसे पहला केस शेरकोट में साल 1994 में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का दर्ज हुआ था। इसके बाद मुकदमों की संख्या में इजाफा होता चला गया। अफजलगढ़ में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। मुजफ्फरनगर पुलिस ने तलब किया है। मामले की जांच तेजी से चल रही है।