शास्त्रीनगर डी-ब्लॉक में मॉडल पार्क, चार तालाबों का कायाकल्प
मेरठ। प्रदेश सरकार द्वारा मेरठ को स्मार्ट सिटी कार्ययोजना में शामिल किए जाने के बाद प्लान तैयार किए जा रहे हैं। एक तरफ 21 चौराहों को स्मार्ट बनाने की कार्ययोजना एमडीए तैयार कर रहा है। वहीं, दूसरी ओर शहर को चमकाने के लिए नगर निगम प्लान तैयार कर रहा है। बृहस्पतिवार को नगरायुक्त डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने अधिकारियों को बैठक लेकर शहर के पार्क, तालाबों का कायाकल्प का प्रस्ताव रखा। वहीं, स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए दूसरे चरण के सिटीजन फीडबैक के लिए वोटिंग शुरू कर दी गई है।
स्मार्ट सिटी कार्ययोजना में शास्त्रीनगर डी-ब्लॉक स्थित पार्क को मॉडल पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त काशी, दांतल-जिटौली, रोहटा रोड औरंगशाहपुर और अछरौंडा में चार तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश नगरायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा और जल्द इसकी डीपीआर बनाई जाएगी। इसके साथ ही सिटीजन फीडबैक का दूसरा चरण भी शुरू हो गया है। जिसमें ईओएल 2019 डॉट ओआरजी पर आप वोट कर सकते हैं और ये वोटिंग 29 फरवरी तक चलेगी।