मवाना। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग और सर सैयद एजुकेशनल सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय जश्न-ए-सर सैयद समारोह के दौरान आयोजित निबंध प्रतियोगिता में एमएमयू स्कूल के विद्यार्थियों ने पहला स्थान प्राप्त किया।
मदरसा मदीनातुल उलूम इकला रसूलपुर द्वारा संचालित एमएमयू स्कूल के विद्यार्थियों ने दोनों प्रमुख वर्गों में पहला स्थान हासिल किया है। 16 अक्तूबर को सर सैयद अहमद खान के जीवन, दर्शन व आधुनिक शिक्षा पर आयोजित वृहद प्रतियोगिता में ग्रुप-ए में कक्षा नौवीं के छात्र मोहम्मद अम्मार और ग्रुप-बी में कक्षा सातवीं के छात्र मोहम्मद जैद ने प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम का आयोजन सीसीएसयू उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. असलम जमशेदपुरी, सर सैयद एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. हाशिम रजा जैदी, कला संकाय के डीन प्रो. अवीर सिंह और संयोजक अफाक अहमद खान की देखरेख में संपन्न हुआ। मदरसा परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। जिसमें विद्यालय प्रबंध समिति व शिक्षकों ने दोनों मेधावी छात्रों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही छात्रों के अभिभावकों को विद्यालय आमंत्रित कर फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया।