जमीन का मामला भी जुड़ा
इस बीच लावड़ में एक जमीन और उस पर निर्माण को लेकर एक पक्ष ने विधायक पर जमीन पर कब्जा करने वालों का सहयोग करने का आरोप लगाया। इसमें चर्चा रही कि आरोप लगाने वाला पक्ष भाजपा नेता सुनील भराला गुट से है। यह मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक वायरल ऑडियो और वीडियो ने गुटबाजी की पोल खोल दी।
ऑडियो में जहां अजय भराला बसपा से जुड़े व्यक्ति से फोन पर बात करते हुए विधायक संगीत सोम पर आरोप लगा रहे हैं तो अभद्र भाषा का भी प्रयोग कर रहे हैं। वहीं, वीडियो में वही व्यक्ति जिससे अजय भराला की बात हुई थी, वह अपनी सफाई में धोखे से ऑडियो क्लिप तैयार कराने और अजय भराला से अपनी जान का खतरा बता रहा है।
सील खुलवाने को लिए दो लाख रुपए
अब एक नया ऑडियो वायरल हुआ है। जिसमें एक व्यक्ति किसी कोल्हू संचालक से बात कर रहा है। इस वार्ता में कोल्हू संचालक बता रहा है कि प्रदूशष नियंत्रण बोर्ड द्वारा कोल्हू सील किए गए थे। उनकी सील खुलवाने के लिए उस सहित 11 कोल्हू संचालकों ने दो लाख रुपये इकट्ठा कर अजय भराला को दिए, तब जाकर सील खुली।
पीड़ितों को करो एकजुट
एक और ऑडियो वायरल हुआ है। जिसमें कोई ईश्वर चंद नाम का व्यक्ति किसी से बात करते हुए कह रहा है कि विधायक संगीत सोम से जितने भी पीड़ित हैं, उन सबको इकट्ठा करो। इन सभी की बैठक होगी, जिसमें पं. सुनील भराला ही हमारी बात लखनऊ तक पहुंचाकर न्याय दिला सकते हैं।
प्रांतीय नेतृत्व ने बैठायी जांच
इस पूरे मामले पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी ने प्रांतीय नेतृत्व को रिपोर्ट भेज दी है। जिस पर जांच भी शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि प्रांतीय नेतृत्व इस पूरे प्रकरण में जल्दी ही कार्रवाई तय कर सकता है।