सरधना। तहसील मार्ग स्थित पशु चिकित्सालय के सामने आयोजित शादी समारोह में माता-पिता से बिछड़ी चार वर्षीय बच्ची को मिशन शक्ति टीम ने एक घंटे के भीतर तलाश कर परिजनों से मिला दिया।
खतौली थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी शाहबाज की पुत्री इनाया अपने माता-पिता के साथ सरधना में अपने मामा के यहां शादी समारोह में शामिल होने आई हुई थी। इसी दौरान वह परिजनों से बिछड़ गई। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम सक्रिय हो गई और खोजबीन शुरू कर दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
बच्ची को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान मिशन शक्ति टीम की उपनिरीक्षक अंजो देवी, उपनिरीक्षक नितिन सारस्वत, महिला हेड कांस्टेबल अंजना चौधरी और अंजू चौधरी की भूमिका सराहनीय रही।