इस पदयात्रा के माध्यम से भाजपाई केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों को देंगे। इसके साथ ही धरातल पर योजनाओं की हकीकत की पड़ताल की जाएगी। टोली का नेतृत्व वरिष्ठ कार्यकर्ता करेंगे, जो रिपोर्ट बनाकर अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को सौंपेंगे।
इसके बाद यह रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी। पदयात्रा के बहाने कार्यकर्ता यह भी जानने की कोशिश करेंगे कि मतदाताओं की सरकार या योजनाओं के प्रति नाराजगी तो नहीं है और यदि ऐसा है तो उसका कारण क्या है।
हो रहा गोपनीय सर्वे
सहारनपुर। भाजपा से जुड़े सूत्रों के अनुसार आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर गोपनीय सर्वे भी चल रहा है। इसमें शहर के पुराने सियासी जानकारों और वरिष्ठ नागरिकों के पास कॉल आ रही हैं। कॉल करने वाले सरकार की योजनाओं, पार्टी के नेताओं में संभावित प्रत्याशी के बारे में और दूसरी पार्टियों के बारे में फीडबैक ले रहे हैं।
लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की स्थिति क्या होगी और बसपा, सपा व कांग्रेस से कौन-कौन से प्रत्याशी टक्कर दे सकते हैं। साथ ही यह भी पूछा जा रहा है कि यदि महागठबंधन का प्रत्याशी चुनाव में उतरता है, तो उसका क्या असर रहेगा।
सातों विधानसभा क्षेत्रों में आज बैठकें
भाजपा की पदयात्रा को लेकर सोमवार को जनपद की सातों विधानसभा क्षेत्रों की बैठक होंगी। विधानसभा देवबंद, रामपुर मनिहारान, नगर विधानसभा में सांसद कांता कर्दम कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगी। नकुड़ और गंगोह में क्षेत्रीय महामंत्री मोहित बेनीवाल एवं बेहट और सहारनपुर देहात में जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप बैठक करेंगे।
इसमें पदयात्रा को लेकर मंथन होगा। कार्यकर्ताओं को यात्रा के माध्यम से किन-किन बिंदुओं पर कार्य करना है। इसकी जानकारी दी जाएगी। दो दिन पूर्व क्षेत्रीय मंत्री गोविंद चौधरी भी जिला और महानगर कार्यकारिणी की बैठक लेकर पदयात्रा की रूपरेखा तैयार चुके हैं।
जनपद की सातों विधानसभाओं में एक से 15 दिसंबर तक पदयात्रा होगी। कार्यकर्ताओं की टोलियां घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके साथ लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर भी जनता से वार्ता की जाएगी। किसी पात्र को अगर योजना का लाभ नहीं मिला है तो उसे लाभ दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। -बिजेंद्र कश्यप, जिलाध्यक्ष भाजपा