संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मोहल्ला काबली गेट तेलियों वाला कुआं निवासी गुलजार (55) सोमवार से लापता था। मंगलवार सुबह हस्तिनापुर मार्ग स्थित गंग नहर पुल के नीचे घायल अवस्था में बेहोश मिला। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। गुलजार की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों के मुताबिक गुलजार पुराने फ्रिज खरीदकर उनको ठीक कराकर बेचने का काम करता है।
परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह वह घर से मीरापुर के लिए कहकर साइकिल से निकला था। सोमवार रात करीब 9:00 बजे उसे बहसूमा स्थित एक मंडप में शादी समारोह में देखा गया। रात में गुलजार घर नहीं लौटा। रातभर तलाश के बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह राहगीर की नजर पुल के नीचे पड़े घायल व्यक्ति पर पड़ी, जिसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, उसकी एक आंख की रोशनी चली गई है। सिर पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया है। कई सिर में कई टांके आए हैं। गुलजार की की साइकिल, मोबाइल, चप्पल और करीब 10 हजार रुपये का कोई पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने लूटपाट की और विरोध करने पर मारपीट कर नहर पुल के नीचे फेंक दिया। थाना प्रभारी पूनम जादौन ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। उनका कहना है कि गुलजार के होश में आने के बाद ही घटना के बारे में पता चल सकेगा।
पत्नी से पूर्व में हो चुका है तलाक
गुलजार का काफी पहले पत्नी से तलाक हो चुका है। एक पुत्र है जो गुलजार के साथ रहता है, जिसकी मोबाइल की दुकान है। तीन बहनें हैं जो गुलजार के साथ ही रहती हैं। गुलजार मकान के विवाद के चलते अब अन्यत्र किराए का मकान लेकर रहता है। गुलजार ही परिवार का लालन-पालन करता है।
बयान...
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। बताया गया है कि गुलजार पुल पर बैठा था, पीछे नहर किनारे पर गिर गया। होश में आने पर पूरी जानकारी हो सकेगी।