एंटी रोमियो स्क्वाएड शहर से गायब होते ही शोहदों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम छेड़छाड़ हो रही है। वहीं एक शिक्षिका को खींचकर उससे छेड़छाड़ की गई। शहर में रविवार को चार जगह छेड़छाड़ को लेकर बखेड़े हुए। गुस्साए लोगों ने मनचलों को पुलिस के सामने ही पीट डाला।
विवाह मंडप के बाहर छेड़छाड़
ब्रह्मपुरी क्षेत्र के एक विवाह मंडप के बाहर रविवार रात शादी समारोह में आयी महिला और युवती सड़क किनारे खड़ी थीं। वहां पहुंचे बाइक सवार दो युवकों ने युवती में टक्कर मार दी। विरोध करने पर युवती से अश्लील हरकत करने लगे। शोर मचने पर वहां पहुंचे लोगों ने दोनों मनचलों को दबोच लिया। लोगों के साथ ही पीड़ित युवती और महिला ने भी इन शोहदों को सड़क पर गिराकर पीटा। सूचना पर इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी अजय अग्रवाल पहुंचे तो आरोपी बहनजी कहकर माफी मांगने लगे। इंस्पेक्टर के अनुसार दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर बाइक कब्जे में ले ली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।
पीवीएस के पास भी छेड़खानी
कंकरखेड़ा निवासी व्यापारी की पत्नी से रविवार रात पीवीएस मॉल के पास एक मनचले ने छेड़छाड़ कर दी। शोर मचने पर आसपास के लोगों ने मनचले को पकड़कर धुन दिया। मौके पर पहुंचे एसओ मेडिकल एसओ ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सचिन प्रजापति निवासी अलवर राजस्थान बताया, जो गढ़ रोड पर फैक्ट्री में काम करता है। महिला की तहरीर पर उसके खिलाफ केस दर्ज कराया गया।
लिसाड़ी गेट में मनचला धुना
थाने में आरोपी से पूछताछ करते दरोगा
लिसाड़ी गेट निवासी एक महिला रविवार शाम बेटी के साथ बाजार से लौट रही थी। इस बीच पड़ोस के युवक ने उसकी बेटी से छेड़छाड़ कर दी। महिला ने बीच सड़क पर ही मनचले की पिटाई कर दी। बाद में महिला ने थाने में तहरीर देने से मना कर दिया।
शिक्षिका से छेड़छाड़, घर में तोड़फोड़
कंकरखेड़ा इलाके में रविवार रात दबंगों ने एक शिक्षिका से घर की दहलीज पर छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर शिक्षिका को खींचकर ले जाने की कोशिश की। शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो आरोपी युवकों ने परिजनों पर हमला बोलकर घर में तोड़फोड़ कर दी। जिसमें शिक्षिका समेत चार लोग घायल हो गए। कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष ने थाने में हंगामा कर दिया।
पुलिस के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी एक महिला रविवार को कंकरखेड़ा में अपनी रिश्तेदार के यहां आई हुई थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले दो युवक शिक्षिका को परेशान करते आ रहे थे। रात को वह घर के गेट पर खड़ी थी। इस दौरान आरोपी युवक अपने साथियों के साथ पहुंचे और शिक्षिका से अश्लील हरकतें करते हुए उसका हाथ पकड़कर खींच लिया। शिक्षिका का शोर सुनकर उसका भाई और महिला रिश्तेदार बाहर आए तो विरोध करने पर परिजनों पर हमला बोल दिया। शिक्षिका को भी बुरी तरह से पीटा, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुटी तो आरोपी हवाई फायरिंग कर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। सीओ दौराला के अनुसार मामला छेड़छाड़ का नहीं मारपीट का है। रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/