मेरठ के मुंडाली में सोमवार देर रात बदमाशों ने बड़ी लूट को अंजाम दिया। यहां एक घर में बदमाशों ने हथियारों के बल पर किसान व उसके परिवार को एक कमरे में बंधक बना लिया और लाखों की नगदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।
मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र सोमवार रात बदमाशों ने किसान के परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली। बदमाशों ने किसान व उसके परिवार के सदस्यों को एक कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी नगदी व जेवर लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना पर सीओ किठौर भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल की।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार नंगलामल गांव निवासी किसान बाबू खां पुत्र माशूक अली सोमवार रात को घर में ही अपने परिवार के साथ सोया हुआ था। देर रात करीब दो बजे दीवार फांदकर चार बदमाश पहुंचे, जाग होने पर बदमाशों ने तमंचे और लोहे के सरिये परिवार के सदस्यों पर तान दिए। इस दौरान बदमाशों के और साथी भी आ गए।
बदमाशों ने किसान व उसके परिवार को एक कमरे में बंधक बना लिया। परिवार के बच्चे भी इस घटना से दहशत में आ गए। बताया गया कि बदमाश दो लाख रुपये नगद और आठ तोले सोना लेकर फरार हो गए। वहीं परिवार ने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने मौक पर जांच-पड़ताल कर बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। वहीं घटना की जानकारी लगने पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। एसएसपी ने चोरी का खुलासा करने के लिए दो टीमें लगाई हैं।