रोहटा। चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर बाइक से लौट रहे एक ग्रामीण से हथियारबंद तीन बदमाशों ने बाइक व नकदी लूट ली और फरार हो गए। घटना के संबंध में पीड़ित की ओर से थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव भलसोना निवासी नीरज पुत्र जयभगवान ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके पिताजी जयभगवान शुक्रवार की दोपहर एक बजे भलसोना पुल के पास गांव लौट रहे थे। इस दौरान पहले से खड़े तीन-चार बदमाशों ने उन्हें हथियारों के बल पर रोक लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक और नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर उन्हें चुप कर दिया और मौके से बाइक सरधना की ओर लेकर फरार हो गए। घटना को लेकर पीड़ित ने थाने में सूचना दी। पुलिस शुरू में सीमा विवाद को लेकर उलझी रही। लेकिन बाद में थाना रोहटा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।