स्टेडियम में प्रैक्टिस करने वाली एक महिला खिलाड़ी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामला करीब एक माह पुराना बताया गया। शनिवार को पीड़िता परिजनों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंची और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार देवरिया निवासी एक फौजी का परिवार गंगानगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहता है। फौजी की 17 वर्षीय बेटी कैंट एरिया के एक स्कूल की छात्रा होने के साथ स्टेडियम में प्रैक्टिस करती है। छात्रा का आरोप है कि जनवरी माह में उसका परिवार देवरिया में एक मौत में गया था।
नशीला पदार्थ सुंघाकर किया दुष्कर्म
यूपी पुलिस
उस दौरान वह प्रैक्टिस करने स्टेडियम पहुंची तो उसके साथ प्रैक्टिस करने वाला एक युवक उसकी साइकिल कचहरी के पास एक कमरे पर ले गया था। जब वह साइकिल लेने वहां पहुंची तो युवक ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने धमकी दी कि यदि कहीं शिकायत की तो वह उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगा। कई दिनों से डिप्रेशन में चल रही छात्रा ने देवरिया से लौटे परिजनों को यह बात बताई। जिसके बाद शनिवार को थाने पहुंचकर शिकायत की गई। इंस्पेक्टर सिविल लाइन विजय कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।