मेरठ। हापुड़ जिले की दुष्कर्म पीड़ित किशोरी ने एलएलआरएमम मेडिकल कॉलेज में बच्ची को जन्म दिया है। हाईकोर्ट ने रेप पीड़ित बच्ची का प्रसव कराए जाने के लिए राज्य सरकार को खर्चा वहन करने, डीएम की निगरानी में किशोरी के स्वास्थ्य और मेडिकल के प्रिंसिपल को दो स्त्री रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाकर बच्ची के प्रसव के लिए समस्त व्यवस्था करने के आदेश दिए थे। प्राचार्य ने बताया कि जच्चा बच्चा स्वस्थ हैं।
यह है मामला
पुलिस के मुताबिक, इस पीड़ित किशोरी की मां की मौत इसके जन्म के दौरान हो गई थी। दो साल पहले पिता की भी मौत हो गई। इसके फूफा ने इसे अपने पास रख लिया। इसके बाद फूफी की भी मौत हो गई। कुछ महीने पहले फूफा इस किशोरी को रिश्तेदार के घर लेकर आया और बोला कि यह पेट में दर्द बताती है और छोड़कर चला गया। बेटी को लेकर ताई डॉक्टर के पास पहुंची तो पता चला कि वह गर्भवती है। तब थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। आरोपी फूफा को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। बाल कल्याण समिति के पत्र पर चिकित्सक दल ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण किया, जिसमें 7 माह का गर्भ बताया गया। पिछले दिनों किशोरी को मेडिकल में भर्ती किया गया, जहां मंगलवार को उसने बच्ची को जन्म दिया। गोद लेने वाली एजेंसी को बच्चा दिए जाने का आदेश कर दिया गया है।