जानीखुर्द। जानी क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग के साथ रास्ते में बदतमीजी, छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में जानी थाना पुलिस ने आरोपी को महज डेढ़ घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
पीड़ित पक्ष की ओर से जानी थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपी शावेज ने उनकी नाबालिग बेटी फब्तियां कसी। आरोपी ने सरेराह नाबालिग का रास्ता रोककर उसके साथ बदतमीजी, छेड़छाड़ और विरोध करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर जानी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के महज डेढ़ घंटे के भीतर ही आरोपी शावेज को सिवालखास पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।