मंत्री सुरेश खन्ना ने बैठक में आयुष्मान लाभार्थियों की सूची और कुल अभी तक किए गए धनराशि का क्लेम की जानकारी भी मांगी। वहीं, उन्होंने कहा कि सरकार ने करोड़ों रुपये स्वच्छ भारत मिशन पर खर्च कर दिए। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों को रास्ते में गाड़ी रोककर सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण अवश्य करना चाहिए। इसके अलावा मंत्री ने सामुदायिक शौचालय के बाहर हेल्पलाइन नंबर लिखवाने के लिए कहा। जिससे उनकी सफाई नियमित हो सके। मंत्री ने बाढ़, सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन आदि पर भी अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि गन्ने की खोई से बने उत्पादों की जागरुकता बढ़ाई जाए।
इंजीनियर का बहाना नहीं चलेगा... दूसरे विभाग से दिलवा दें
नगरायुक्त द्वारा जूनियर इंजीनियर की कमी बताने पर भी मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने जिलाधिकारी दीपक मीणा से तुरंत कहा कि नगर निगम को लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर दिलवाकर अमृत-दो का प्रस्ताव लखनऊ भिजवा दीजिए। हम तुरंत उस पर मुहर लगवा देंगे। अब ये सब बहाना नहीं चलेगा कि इंजीनियर नहीं है।
आप नए हैं... लेकिन चेन स्नेचिंग, लूट रोकने के लिए अभियान चलाएं
मंत्री ने एसएसपी रोहित सिंह से कानून व्यवस्था की रिपोर्ट मांग ली। एसएसपी ने बताया कि 100 दिनों के अंदर 41 गैंगस्टर की 88 करोड़ की संपत्ति जब्त हुई और पांच करोड़ रुपये तक की संपत्ति का ध्वस्तीकरण किया गया। मंत्री ने एसएसपी से सीधे कह दिया कि आप नए हैं लेकिन, जब मैं अगली बार आऊंगा तो चेन स्नेचिंग, लूट, वाहन चोरी, वाहन रिकवरी की समीक्षा करूंगा।