माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। दुबई में आयोजित 7वीं रोल बाल विश्वकप प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर खिताब अपने नाम करने वाली भारतीय महिला रोल बाल टीम की कप्तान इशिका शर्मा के शास्त्रीनगर ए-ब्लॉक स्थित आवास पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने पहुंचकर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि इशिका शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और सशक्त नेतृत्व क्षमता के बल पर न केवल टीम को विश्वस्तरीय सफलता दिलाई, बल्कि मेरठ, उत्तर प्रदेश और पूरे भारत देश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह विजय देश की बेटियों की अपार प्रतिभा, संकल्प शक्ति और खेलों में बढ़ते वर्चस्व का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रदेश और देश के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी, मंडल अध्यक्ष ललित मोरल, सी.ए. प्रभात गुप्ता, ममता रत्नम आदि मौजूद रहे।