मेरठ/खरखौदा। लोहियानगर के एम ब्लॉक नाले के पास सोमवार तड़के झाड़ियों के पीछे मिनी कमेला चलता मिला। कटान करने वालों ने दौड़ लगा रहे युवकों को धारदार हथियार लेकर वहां से दौड़ा दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर पहुंचे। तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। मौके से करीब चार क्विंटल मीट, गोवंश की खाल, अवशेष और कटान के उपकरण भी मिले। मामले में गोकशी का केस दर्ज किया गया है।
सोमवार तड़के कुछ युवक दौड़ लगाने के लिए लोहियानगर के एम ब्लॉक नाले की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों के पीछे से कुछ आवाज सुनाई दी। वह जाकर देखने लगे। वहां मवेशियों का कटान किया जा रहा था। तभी दो व्यक्ति धारदार हथियार लेकर उनके पीछे दौड़ पड़े। युवकों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। इस घटना के बाद सभी इकट्ठा होकर लोहियानगर निवासी गोरक्षा प्रमुख नकुल गुर्जर के आवास पर पहुंचे और मामले की जानकारी दी।
इसके बाद नकुल गुर्जर अपने साथियों के साथ पहुंचे। तब तक आरोपी वहां से जा चुके थे। यहां चारों तरफ गोवंश की खाल, पुराने व ताजे अवशेष बिखरे हुए थे और मीट काटने के औजार भी पड़े थे। मीट को कैरेट में आम की तरह पैक किया गया था। सूचना मिलने पर खरखौदा थाना पुलिस पहुंची। पशु पालन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने मीट के नमूने लिए। हिंदू संगठनों ने गोकशी को खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई सहित आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने गोकशी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सब्जियों से भरे टेंपो में सप्लाई होना था मीट
- आरोपियों ने मीट को पहले प्लास्टिक के बोरे में भर रखा था। इसके बाद आम की कैरेट में उन बोरों को रखकर ऊपर से अखबार की रद्दी से ढक रखा था ताकि दूर से देखने पर ऐसे लगे कि कैरेट में आम भरे हैं। पूरी रात कटान के बाद यह मीट सुबह सब्जियों के साथ मंडी में सप्लाई होना था। जिस तरीके से वहां पर इतना मीट, अवशेष और कटान के उपकरण मिले हैं, उससे लग रहा है कि काफी दिनों से यह धंधा चल रहा था।
छत पर बैठकर करते हैं निगरानी
- मिनी कमेला स्थल से चंद कदमों की दूरी पर एक कमरा है। यह काफी समय से बंद है। बताया जा रहा है कि जिस समय कटान किया जाता है, उस वक्त उनका एक साथी कमरे की छत पर बैठकर निगरानी करता है। अगर दूर से कोई आता दिखाई दे तो कटान कर रहे लोग फरार हो जाते हैं। उधर, नकुल ने ने आरोप लगाया कि मौके से उपकरण भी मिले थे, लेकिन पुलिस ने केवल मीट की बरामदगी दिखाई है, जो गलत है।
वर्जन
पुलिस ने अपनी ओर से गोकशी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रूपाली राय, सीओ किठौर