दूधिया की चाकू से प्रहार कर हत्या
नूरपुर। थाना क्षेत्र के युसुफा के जंगल में एक दूधिया की चाकू से प्रहार कर हत्या कर दी गई। वारदात के समय वह बाइक से दूध लेकर गांव शिवाला कलां जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पुरानी रंजिश में हत्या की होने की बात मान रही है।
मरने वाला दिनेश (35) गांव युसुफा का रहने वाला था। सोमवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे वह बाइक से दूध लेकर शिवाला कलां जा रहा था। गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर एक बाग में पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसकी बाइक रोक ली और चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। मौके से गुजरे राहगीरों ने शव रास्ते पर पड़ा देखकर परिजनों को सूचना दी। दिनेश की हत्या की सूचना से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर थानाध्यक्ष सनोज प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। हत्या का कारण गांव की पुरानी रंजिश को माना जा रहा है। समाचार भेजे जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर नही दी गई थी। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।