हरिद्वार। त्योहारी सीजन पर उपभोक्ताओं को शुद्ध दूध उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेरठ के सरधना से टैंकर में आ रहे दूध के सैंपल भरे। ये कार्रवाई जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर की गई। सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने पुल जटवाड़ा पर दूध से भरे टैंकर को रोक लिया। टैंकर में दो चैंबरों में 2500 लीटर दूध भरा गया था। पूछताछ में बताया कि दूध मेरठ के सरधना से लाया गया है। कपिल देव ने बताया कि दूध के दो सैंपल लिए गए हैं। जिन्हें जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।