मेरठ। वेदव्यासपुरी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में सोमवार को स्टाफ सदस्यों के लिए साइबर सुरक्षा पर संगोष्ठी हुई। महाप्रबंधक बलबीर सिंह ने कहा कि आज का युग डिजिटल का युग है। साइबर ठगी के मामले बढ़े हैं।
स्टाफ और ग्राहकों को इन खतरों से सावधान करने के लिए आवश्यक है कि उन्हें साइबर सुरक्षा के संबंध में जागरूक रहना होगा। किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर सेल को टोल फ्री नंबर 1930 पर सूचित करना चाहिए। जितनी जल्दी हम धोखाधड़ी की रिपोर्ट करेंगे, हमारे पैसे वापस आने की संभावना उतनी ही बढ़ जाएगी। हमें अपने खाते, क्रेडिट कार्ड, आधार और पैन कार्ड आदि की सूचना किसी के साथ शेयर नहीं करनी है और न ही किसी अनजान लिंक पर क्लिक करना है।
एआई के आने से साइबर धोखाधड़ी में वृद्धि हुई है और इसके माध्यम से धोखाधड़ी का पता लगाना भी आसान हुआ है। हमें इसे समझदारी से प्रयोग करना है। इस दौरान सुदर्शन रथ, विनीता त्यागी, राजीव लोचन, अरविंद कुमार तिवारी, मनोज कुमार, अमित बंसला और दृष्टि शर्मा आदि मौजूद रहे।