हस्तिनापुर। कस्बे के मुख्य मार्ग पर अनाज मंडी वाले तिराहे पर शुक्रवार की दोपहर अचानक बाइक गिरने से अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी पहचान थाना दौराला के गांव अख्तियारपुर निवासी रणसिंह (60) के रूप में हुई।
सड़क किनारे खड़े दुकानदारों ने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे दौराला के गांव अख्तियारपुर निवासी रणसिंह अपनी बाइक पर सवार होकर आ रहा था। जब वह अनाज मंडी तिराहे और अंबेडकर मार्केट के समीप पहुंचा तो अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और वह बाइक सहित सड़क किनारे गिर गया। स्थानीय लोगों ने उसे उपचार देने की कोशिश की परंतु उसे होश नहीं आया। उसे पास ही के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां पर डॉक्टरों ने सीएचसी ले जाने के लिए कहा। कस्बे के कुछ युवक रणसिंह को सीएचसी लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा उसके परिजनों को सूचना दी। रणसिंह का पुत्र बालिंद्र परिचितों के साथ सीएचसी पहुंचा। उसने बताया कि हस्तिनापुर या आसपास में उनकी कोई रिश्तेदारी भी नहीं है। उसके पिता यहां किस काम से आए थे, इसकी जानकारी नहीं है।