अब एनसीआरटीसी शताब्दीनगर से दुहाई तक रैपिड रेल का काम तेज गति से होगा। वजह दिल्ली और लखनऊ मेट्रो का सफल निर्माण करने वाले कुशल इंजीनियरों की टीम रैपिड रेल का निर्माण कार्य करेगी। रविवार को एलएंडटी के 55 इंजीनियरों की टीम ने शताब्दीनगर स्थित कास्टिंग यार्ड और साइट का निरीक्षण किया। सोमवार को इंजीनियरों की टीम बेगमपुल तक निरीक्षण करेगी।
बरसात के बावजूद रैपिड रेल के पिलर का काम चल रहा है। जिस तेजी से दुहाई से साहिबाबाद तक पिलर निर्माण किया गया। उसी तेजी से यहां भी निर्माण की तैयारी है। इंजीनियरों की टीम ने जगह जगह मिट्टी की जांच की।
उसी के आधार पर 25 मीटर या उससे ज्यादा पिलर का बेस बनाया जाएगा। इसके बाद एलएंडटी के अधिकारियों व इंजीनियरों की टीम ने शताब्दीनगर स्थित कास्टिंग यार्ड का दौरा किया। वहीं टीम ने परतापुर स्थित कुंडा गेट के सामने सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग और रिफलेक्टर लगवाए।
पिलर के लिए खुदे गड्ढों को देखा
होंडा शोरूम के सामने पहुंचे इंजीनियरों ने पिलर के तीनों गड्ढों की जांच की। मशीन ऑपरेटर से गड्ढे की गहराई और चौडाई के बारे में जानकारी ली। एलएंडटी के अधिकारी संतोष सिंह गंगवार से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली और लखनऊ में मेट्रो का निर्माण कार्य करने के बाद एलएंडटी के इंजीनियरों की टीम दुहाई से लेकर बेगमपुल तक रैपिड रेल का काम करेगी। निरीक्षण के बाद सभी अधिकारी व इंजीनियर दिल्ली रवाना हो गए।
सर्विस रोड निर्माण जारी
मोहिउद्दीनपुर से लेकर परतापुर तिराहे तक सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड तैयार करने के साथ पेड़ों का कटान जारी है। इसके अलावा कुंडा फाटक के पास पिलर के लिए ग्रिलिंग करने के लिए एक और मशीन मंगाई गई है। उसके बाद काम में तेजी आएगी।