सरधना। नगर की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर चेयरपर्सन पुत्र शाहवेज अंसारी ने सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया से मुलाकात कर सीएचसी की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अस्पताल में लंबे समय से चली आ रही व्यवस्थागत कमियों को दूर कराने की मांग की।
शाहवेज अंसारी ने सीएमओ को बताया कि सीएचसी में डेंटिस्ट चेयर उपलब्ध होने के बावजूद जरूरी उपकरणों के अभाव में दंत चिकित्सा सेवाएं शुरू नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने मांग की कि आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराकर जल्द से जल्द दंत चिकित्सा सुविधा शुरू कराई जाए। उन्होंने सीएचसी में डिजिटल एक्सरे मशीन लगाने की मांग भी उठाई। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की पर्याप्त तैनाती और ब्लड बैंक की स्थापना की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि सरधना और आसपास के क्षेत्र की बड़ी आबादी सीएचसी पर निर्भर है, ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान एडवोकेट शाकिब अंसारी, साजिद अली समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।