बहसूमा। बच्चा चोर के शक में बुधवार तड़के मोहल्ला सड़क वाला में एक मंदबुद्धि किशोर की उन्मादी भीड़ ने जमकर धुनाई की। वहीं, पुलिस युवक को उनके चुंगल छुड़ाकर थाने ले आई। उधर, पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे मारपीट करने वाले दो युवकों एवं आठ-दस अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बे के मोहल्ला सड़क वाला स्थित एक मदरसे के समीप बुधवार तड़के एक युवक खड़ा था। इस दौरान शोर मचा वह चोर गिरोह का सदस्य है। वह बच्चा उठाने की फिराक में है। इस पर मोहल्ले में एकाएक भीड़ एकत्र हो गई तथा मदरसे के पास खडे़ युवक को पकड़ लिया। भीड़ ने उसे पीटना शुरू कर दिया। भीड़ किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। इसकी जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने युवक को छुड़ाया तथा भीड़ की वीडियो बनाई। इसके बाद युवक को थाने ले आए। यहां पुलिस को जानकारी हुई कि युवक मंदबुद्धि है। इसी दौरान मारपीट करने वाले युवकों की वीडियो वायरल हो गई। इस पर पुलिस ने उनमें से 10-12 लोगों को चिह्नित किया। इनमें से दो नामजद सुक्खे पुत्र वीर सिंह एवं अबरार पुत्र मोमदी तथा आठ-दस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष कुलवीर सिंह का कहना है कि हमलावरों के खिलाफ गालीगलौज, मारपीट, बलवा एवं अराजकता फैलाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। भीड़ से छुड़ाए मंदबुद्धि युवक को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है।
अफवाह नहीं फैलाने की अपील
थानाध्यक्ष कुलवीर सिंह ने लोगों अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें। इससे किसी भी निर्दोष के साथ वारदात हो सकती है। वहीं, वारदात करने वाले भी परेशानी में फंस सकते हैं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मानसिक रूप से विकृत युवक
बच्चा चोर के शक में पकड़ा गया युवक अपना नाम एवं पता ठीक से नहीं बता पा रहा है। एक बार उसने स्वयं को खुर्जा के समीप चिड़ियापुर गांव का बताया। इसके बाद उसने खुर्जा में चीनी मिट्टी के बर्तन बाजार का रहने वाला बताया। हालांकि वह कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा है।