दिल्ली प्रीमियर महिला क्रिकेट लीग के लिए चुनी गईं थी सबसे महंगी महिला क्रिकेटर
अब एनसीए कैंप में के लिए भी हुआ महिला क्रिकेटर का चयन
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ की पारुणिका को दिल्ली प्रीमियर लीग में ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम ने सबसे अधिक 14 लाख रुपये की बोली लगाकर अपने दल में शामिल किया। वह इस नीलामी में सबसे अधिक रुपयों में बिकने वाली महिला खिलाड़ी रहीं। अब टीम ने उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हे टीम की ओर से कप्तान नियुक्त किया गया है।
दिल्ली प्रीमियर लीग के लिए दो जुलाई को दिल्ली में फ्रेंचाइजियों की ओर से महिला क्रिकेटरों की नीलामी प्रक्रिया में भाग लिया गया। टूर्नामेंट की शुरूआत अगस्त के प्रथम सप्ताह में हो सकती है। इसमें ईस्ट दिल्ली राइडर्स समेत चार टीम भाग लेंगी। मेरठ के जयदेवी नगर निवासी लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाज पारुणिका सिसोदिया को कप्तान बनाने पर कोच अतहर अली व पारुणिका के पिता सुधीर सिसोदिया ने भी खुशी जाहिर की है। वह 21-22 जुलाई से टीम के साथ वह कैंप में शामिल होंगी।
मेरठ के जयदेवी नगर निवासी पारुणिका चयन अब 11 जुलाई से बंगलुरू में लगने वाले एनसीए कैंप में हुआ है। बीसीसीआई की ओर से आयोजित कैंप में देशभर से महिला खिलाड़ियों को चुना जाता है। इसमें मेरठ की पारुणिका को भी चुना गया है। पारुणिका वर्तमान दिल्ली में रह रही हैं और दिल्ली के लिए ही घरेलू क्रिकेट खेलती हैं। पिछले वर्ष अंडर 19 वर्ल्ड कप में भी वह भारतीय टीम का हिस्सा रहीं और उन्होंने टूर्नामेंट में कुल दस विकेट लिए। अंडर 19 एशिया कप में भी वह भारतीय टीम में शामिल रही। 14 वर्ष की उम्र में ही उन्होंने दिल्ली की ओर से अंडर 19 क्रिकेट खेला। उस टूर्नामेंट में उन्होंने 17 विकेट लिए और देशभर में 8वें स्थान पर रहीं। 21-22 में उनका चयन सीनियर टीम में हुआ। वर्ष 2023 में सीनियर महिला एक दिवसीय टूर्नामेंट में उन्होंने 21 विकेट लिए और देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। इसके बाद सीनियर जोनल टूर्नामेंट में 14 विकेट लेकर भारत में दूसरे स्थान पर रहीं। इसके बाद उनका चयन अंडर 19 एशिया और वर्ल्ड कप के लिए हुआ, जिसमें उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया।