श्रीलंका में आयोजित प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले मेरठ के खिलाड़ी
- दो रजत और दो कांस्य पदक जीतकर देश का बढ़ाया मान
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। श्रीलंका के डिगाना में हुई थर्ड साउथ एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप (मार्शल आर्ट विधा पर आधारित खेल) में मेरठ मार्शल आर्ट्स एकेडमी के तीन खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए दो रजत एवं दो कांस्य पदक सहित कुल चार पदक जीतकर भारत देश का परचम लहराया है।
मेरठ मार्शल आर्ट्स एकेडमी के कोच एवं राष्ट्रीय जु-जित्सू रेफरी सचिन चौधरी ने बताया कि ओलिंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) द्वारा अधिकृत जु–जित्सू इंटरनेशनल फेडरेशन (जेजेआईएफ) व जु–जित्सू एशियन यूनियन (जेजेएयू) के नेतृत्व एवं जु-जित्सू फैडरेशन श्रीलंका की ओर से 10 से 12 तक प्रतियोगिता हुई। इसमें सात देशों के लगभग 400 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मोहम्मद अकदास सैफी ने एडल्ट्स आयु वर्ग की (69 किग्रा) भारवर्ग की ने–वाज़ा स्पर्धा में रजत पदक व आर्यन कुमार ने (62 किग्रा) भारवर्ग की ने–वाज़ा स्पर्धा में कांस्य पदक एवं हर्षिता ने (45 किग्रा) की ने-वाजा व फाइटिंग स्पर्धा में रजत और कांस्य पदक जीते।
खिलाड़ियों ने कहा कि उनकी यह जीत वर्षों के समर्पण का परिणाम है। इससे इस क्षेत्र के अनगिनत युवा एथलीट प्रेरित होंगे। कोच सचिन ने बताया कि भारतीय टीम के हेड कोच व जू–जित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रेशी विनय कुमार जोशी, महासचिव अमित अरोरा, कोच एमआर शाहिद, जवान सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। जल्द ही उत्तर प्रदेश के अन्य पदक विजेताओं को जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश की ओर से सम्मानित किया जाएगा।