मोदीपुरम में दोस्त को बचाने गया 22 वर्षीय युवक ट्रेन से कटकर मृत मिला। पिता ने दोस्त पर ट्रेन के सामने धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
मोदीपुरम थाना क्षेत्र के रोशनपुर डौरली निवासी 22 वर्षीय आकाश की शनिवार रात ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के पिता हंसराज ने आकाश के दोस्त प्रशांत के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विज्ञापन
रेल पटरी पर मरने की धमकी देकर बुलाया
पिता हंसराज के अनुसार, आकाश मजदूरी करता था और शनिवार रात घर पर खाना खा रहा था। तभी उसके दोस्त प्रशांत का फोन आया। फोन पर प्रशांत ने कहा कि वह रेल की पटरी पर जाकर आत्महत्या करने जा रहा है। यह सुनकर आकाश उसे बचाने की बात कहकर तुरंत घर से निकल गया।
दोस्त लौटा, लेकिन आकाश नहीं आया
काफी समय बीत जाने के बाद भी आकाश घर नहीं लौटा, जबकि उसका दोस्त प्रशांत अकेले वापस आ गया। जब परिजनों ने उससे आकाश के बारे में पूछा तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिससे परिवार को शक हुआ।
युवक ने देखा घटना का मंजर
इसके बाद गांव के ही एक अन्य युवक ने परिजनों को जानकारी दी कि उसने आकाश को ट्रेन की चपेट में आते देखा है और प्रशांत ने उसे ट्रेन के सामने धक्का दिया। यह घटना उसने काम से लौटते समय देखी थी।
परिजन मौके पर पहुंचे तो आकाश गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आकाश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जेब से गायब मिले 11 हजार रुपये
पिता ने बताया कि आकाश घर से जाते समय मजदूरी के करीब 11 हजार रुपये अपनी जेब में लेकर निकला था, लेकिन घटना के बाद रुपये उसकी जेब में नहीं मिले, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है।
हत्या का मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र ने बताया कि पिता की तहरीर पर आकाश के दोस्त प्रशांत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।