कंकरखेड़ा स्थित खिर्वा रोड पर अमोली एनक्लेव कॉलोनी निवासी टेलर भूपेंद्र ने पत्नी निधि से विवाद के बाद अपने घर में आग लगा दी। आरोप है कि पत्नी व दो बच्चों को घर में बंद कर जलाने की कोशिश की। लेकिन पत्नी ने समय रहते बच्चों के साथ घर से निकलकर जान बचाई। आग से घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड ने लगभग आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
निधि ने पुलिस को बताया कि उसका पति भूपेंद्र खिर्वा रोड पर ही टेलर की दुकान चलाता है। कई दिनों से दंपती के बीच विवाद चल रहा है। रविवार दोपहर वह अपने बेटे व बेटी के साथ घर पर थी। इसी बीच भूपेंद्र ने उसके साथ मारपीट की। आरोपी ने निधि को कमरे के अंदर बंद करने का प्रयास किया। वह किसी तरह बच्चों को लेकर घर से बाहर निकल गई। इसके बाद भूपेंद्र ने घर में आग लगा दी।
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। महिला का शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर दौड़े। लोगों ने रेत डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया मगर नाकाम रहे। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया। महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।