थाना फलावदा क्षेत्र के गांव नैडू में दो पक्षों के बीच कहासुनी के दौरान युवक के तमंचे से चली गोली उसकी ही मां पुष्पा (50) को जा लगी। पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए फलावदा सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने बेटे प्रियांशु को तमंचे समेत हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार गांव नैडू निवासी रामबीर गुर्जर का बृहस्पतिवार देर शाम पड़ोसी से किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद विवाद हो गया। लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया। इसी दौरान रामबीर का बेटा प्रियांशु तमंचा लेकर आ गया।
परिजनों ने समझाया, तभी अचानक प्रियांशु के तमंचे से गोली चल गई, जो उसकी मां पुष्पा को जा लगी। पैर में गोली लगने से पुष्पा घायल हो गई। इसी बीच ग्रामीणों की सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल अवस्था में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि बेटे को तमंचे सहित हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।