खरखौदा स्थित धीर खेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस चौकी से मात्र 500 मीटर की दूरी पर काली स्कॉर्पियो सवार युवकों ने हथियारों के बल पर युवक का अपहरण कर लिया। युवक जान बचाने के लिए पास में ही पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुसा, लेकिन बदमाश हथियारों के बल पर युवक को स्कॉर्पियो में डालकर ले गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सर्विलांस की मदद से युवक को तीन घंटे में ही बुलंदशहर जनपद के बीबी नगर कस्बे से तलाश लिया। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस जांच कर रही है।
खरखौदा थाना क्षेत्र के कैली निवासी सुरेंद्र ने बताया कि उसका बेटा कार्तिक (26) धीरखेड़ा स्थित सेल्फ ड्राइव के कार्यालय पर नौकरी करता है। रविवार अपराह्न करीब तीन बजे वहां पहुंची काली स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवकों ने पहले कार्तिक के साथ मारपीट की, बाद में हथियारों के बल पर उसे जबरन गाड़ी में डालने का प्रयास करने लगे। कार्तिक अपनी जान बचाने के लिए पास में भारत पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुस गया, लेकिन बदमाश कार्यालय में घुस गए और हथियारों के बल पर कार्तिक का अपहरण कर स्कॉर्पियो में डालकर ले गए। पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारियों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी।
बाद में पंप कर्मचारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से बदमाशों का पीछा करते हुए तीन घंटे में कार्तिक को बुलंदशहर जनपद के कस्बा बीबीनगर से तलाश लिया। पुलिस को देखकर बदमाश कार्तिक को छोड़कर भाग गए। पीड़ित पिता सुरेंद्र सिंह ने हापुड़ जनपद के रामपुर निवासी निवासी सिद्धार्थ कसाना और उसके साथियों पर शक जाहिर करते हुए अपहरण की प्राथमिक दर्ज कराई है।
ये बोले सीओ
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर इस मामले में खरखौदा थाना पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके पकड़े जाने पर पता अपहरण की वजह पता चलेगी।
- प्रमोद कुमार सिंह, सीओ किठौर